नई दिल्ली. बॉलीवुड अभिनेता शाहिद कपूर आज उन कलाकारों में शुमार हैं, जो हर फिल्म के साथ खुद को नए सिरे से साबित करने की कोशिश करते हैं. उड़ता पंजाब, कमीने और कबीर सिंह जैसी फिल्मों में उनके दमदार अभिनय ने यह साबित किया है कि वह जोखिम लेने से नहीं डरते. हाल ही में शाहिद कपूर ने खुलासा किया कि उनके किरदारों के चयन की सोच में बड़ा बदलाव हॉलीवुड सुपरस्टार लियोनार्डो डिकैप्रियो की एक सीख से आया है.
एक पॉडकास्ट बातचीत के दौरान शाहिद ने बताया कि उन्होंने लियोनार्डो डिकैप्रियो का एक पुराना इंटरव्यू पढ़ा था, जिसमें उन्होंने कहा था कि अगर किसी किरदार को पढ़ते ही यह समझ आ जाए कि उसे कैसे निभाना है, तो वह उस फिल्म को मना कर देते हैं. ऐसा इसलिए, क्योंकि ऐसे रोल उनके कम्फर्ट जोन में होते हैं. शाहिद के मुताबिक, यही सोच उन्हें सबसे ज्यादा प्रभावित कर गई.
शाहिद ने कहा कि अब वह वही किरदार चुनते हैं, जो उन्हें असहज करते हैं और जिनमें खुद को तलाशने की गुंजाइश हो. उन्होंने बताया कि किसी भी कलाकार के लिए असली चुनौती एक ही जॉनर में रहते हुए भी हर बार कुछ नया करना होती है. यही वजह है कि उन्होंने निर्देशक विशाल भारद्वाज की आने वाली फिल्म ‘ओ रोमियो’ के लिए हामी भरी.
शाहिद कपूर ने यह भी कहा कि विशाल भारद्वाज के साथ उनका रिश्ता रचनात्मक विश्वास पर आधारित है, जहां उन्हें हर बार अलग सोचने और अपने अभिनय की सीमाओं को आगे बढ़ाने का मौका मिलता है. यही प्रयोगधर्मिता उन्हें बाकी कलाकारों से अलग बनाती है.
.jpg)
Comments
Post a Comment