लखनऊ: उत्तर प्रदेश में चाइनीज मांझे से हो रहे हादसों और मौतों पर सरकार ने बड़ा कदम उठाया है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि अगर चाइनीज मांझे से किसी की मौत होती है, तो इसे सिर्फ हादसा नहीं बल्कि हत्या के रूप में दर्ज किया जाएगा।
सीएम ने अधिकारियों से सवाल किया कि राज्य में बैन के बावजूद बाजारों में चाइनीज मांझा कैसे बिक रहा है। उन्होंने इस पर तत्काल रोक लगाने के आदेश दिए हैं। साथ ही सभी जिलों के पुलिस प्रमुखों को जिलेवार छापेमारी अभियान चलाने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि अवैध बिक्री और सप्लाई चैन को पूरी तरह खत्म किया जा सके।
पिछले कुछ समय में चाइनीज मांझे से बाइक सवारों, बच्चों और राहगीरों के घायल होने और मौत के कई मामले सामने आए हैं। यह मांझा धातु और रासायनिक पदार्थों से बना होता है, जो बेहद खतरनाक साबित होता है।
सरकार का कहना है कि आम जनता की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी। प्रशासन ने लोगों से भी अपील की है कि वे चाइनीज मांझे का इस्तेमाल न करें और कहीं भी इसकी बिक्री दिखे तो तुरंत पुलिस को सूचना दें।

Comments
Post a Comment