Skip to main content

भारी बर्फबारी में भी नहीं छोड़ा साथ! 4 दिन भूखा-प्यासा मालिक के शव के पास डटा रहा वफादार पिटबुल, रुला देगी ये कहानी


  हिमाचल प्रदेश के चंबा जिले से इंसान और जानवर की वफादारी की एक ऐसी कहानी सामने आई है, जो हर किसी की आंखें नम कर देगी। भरमौर क्षेत्र में स्थित प्रसिद्ध भरमाणी मंदिर के पास जंगल में लापता हुए दो युवकों के शव बरामद किए गए हैं। इस दर्दनाक हादसे में सबसे भावुक कर देने वाली बात यह रही कि एक युवक का पालतू पिटबुल डॉगी चार दिनों तक भीषण बर्फबारी, भूख और प्यास के बावजूद अपने मालिक के शव के पास डटा रहा और उसे अकेला नहीं छोड़ा।

जानकारी के मुताबिक, विकसित राणा और पीयूष मंदिर में दर्शन करने के बाद आसपास के ऊंचाई वाले इलाके में वीडियो बनाने के लिए गए थे। इसी दौरान अचानक भारी बर्फबारी हो गई और दोनों युवक जंगल में फंस गए। 23 जनवरी को इलाके में पांच फीट से अधिक बर्फ गिरने के कारण रेस्क्यू ऑपरेशन भी मुश्किल हो गया।

चार दिन बाद जब रेस्क्यू टीम मौके पर पहुंची तो वहां का दृश्य बेहद भावुक कर देने वाला था। एक युवक के शव के पास उसका पालतू पिटबुल कुत्ता बैठा हुआ था, जो न तो वहां से हटा और न ही किसी को शव के करीब आने से रोकने की कोशिश छोड़ी। ठंड, भूख और डर के बावजूद डॉगी ने अपने मालिक की आखिरी पहरेदारी निभाई।

स्थानीय लोगों और रेस्क्यू टीम के सदस्यों के अनुसार, यह दृश्य देखकर सभी की आंखें भर आईं। यह घटना एक बार फिर साबित करती है कि कुत्तों की वफादारी सिर्फ कहानियों या फिल्मों तक सीमित नहीं है, बल्कि असल जिंदगी में भी वे इंसानों से कहीं ज्यादा निष्ठावान होते हैं। हिमाचल की बर्फीली वादियों से आई यह कहानी आज पूरे देश को भावुक कर रही है।

Comments

© 2020 DNA NEWS DELHI

Designed by Open Themes & Nahuatl.mx.