Indore में अगर आप ताजी और जैविक सब्जियां खरीदना चाहते हैं, तो ग्रामीण हाट बाजार आपके लिए बेहतरीन विकल्प हो सकता है। यहां सीधे खेतों से लाई गई ऑर्गेनिक सब्जियां और फल बिना किसी बिचौलिए के ग्राहकों तक पहुंचते हैं। यह बाजार ढक्कन वाला कुआं क्षेत्र में आयोजित किया जाता है और हर सप्ताह बड़ी संख्या में लोग यहां खरीदारी के लिए पहुंचते हैं।
कृषि विभाग की अधिकारी शैली थॉमस के अनुसार, जैविक और प्राकृतिक खेती करने वाले किसानों को एक सीधा मंच देना जरूरी था। इसी उद्देश्य से जिला प्रशासन और कृषि विभाग ने इस ग्रामीण हाट बाजार की शुरुआत की, ताकि किसान अपनी उपज सीधे ग्राहकों को बेच सकें और उचित दाम पा सकें।
यह बाजार हर शनिवार और रविवार दोपहर 2 बजे से शाम 6 बजे तक खुलता है। यहां सिर्फ ताजी सब्जियां और फल ही नहीं, बल्कि प्राकृतिक तरीके से उगाई और तैयार की गई हल्दी, पोहा, मिलेट्स और अन्य उत्पाद भी उपलब्ध रहते हैं।
स्वास्थ्य के प्रति जागरूक लोग अब रासायनिक खाद और कीटनाशकों से उगाई गई सब्जियों से दूरी बना रहे हैं। ऐसे में यह जैविक बाजार उपभोक्ताओं और किसानों दोनों के लिए लाभदायक साबित हो रहा है।

Comments
Post a Comment